Lआमला। ग्रीष्म ऋतु में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आमला एवं बोडखी क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनबने के आदेश एवं अभिहित अधिकारी शैलेंद्र बडोनिया के निर्देशन में संपन्न हुई।

जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती शशि भारतीय एवं केमिस्ट हेमंत कीर द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान बीकानेर स्वीट्स, जयकुमार स्वीट्स, शारदा स्वीट्स, स्वादिष्ट नास्ता सेंटर सहित कई जूस सेंटरों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

अधिकारियों द्वारा पाइनएप्पल शेक, मैंगो शेक, बनाना शेक, लस्सी, समोसे, कचोरी, बड़े एवं मिठाइयों सहित कुल 30 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों की जांच चलित खाद्य प्रयोगशाला में प्राथमिक रूप से की गई, वहीं मिलावट की संभावना वाले नमूनों की विस्तृत जांच की जाएगी।

इसके अलावा गुरुनानक बेकरी एंड जूस सेंटर से दूध, दही, पनीर, जूस एवं लस्सी के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती शशि भारतीय ने खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, तैयार खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा ताजा खाद्य पदार्थ ही ग्राहकों को परोसने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।