आमला।समाज सेवा के क्षेत्र में सदैव सक्रिय रहने वाली संस्था ‘सहयोग फाउंडेशन ग्रुप, आमला’ ने एक बार फिर मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए नगर में सराहनीय पहल की है।

नगर के भीम नगर निवासी दिवंगत श्री गुरुशंकर जी बरमासे के आकस्मिक निधन पर संस्था के सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया तथा उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्रद्धांजलि सभा के अवसर पर सहयोग फाउंडेशन आमला के सदस्य स्वर्गीय गुरुशंकर जी के निवास स्थान पहुँचे, जहां उन्होंने नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार को संबल और सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संस्था की ओर से ₹5100 की आर्थिक सहायता राशि भेंट की गई।

इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वर्गीय गुरुशंकर जी बरमासे समाज के लिए एक सम्मानित, प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक व्यक्तित्व थे। उनका निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे नगर के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि,

“किसी अपने को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे कठिन समय में सहयोग फाउंडेशन परिवार के साथ पूरी संवेदना और जिम्मेदारी के साथ खड़ा है। यह छोटी-सी सहायता केवल सहयोग नहीं, बल्कि हमारे आत्मीय संबंध और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है।”

सहयोग फाउंडेशन आमला के इस मानवीय, संवेदनशील और प्रेरणादायी कार्य की पूरे नगर में सराहना की जा रही है। नगरवासियों ने संस्था के इस प्रयास को सच्ची समाज सेवा और मानवीय मूल्यों का उदाहरण बताया है।

संस्था के सदस्यों ने कहा कि सहयोग फाउंडेशन आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों, पीड़ित परिवारों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करता रहेगा।