आमला। चैत्र नवरात्रि एवं श्री रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भी आमला नगर में पारंपरिक सीताराम कीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन इस वर्ष अपने 42वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और वर्षों से क्षेत्र में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
आयोजन से जुड़े लक्ष्मण शेषराव चौकीकर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कीर्तन कार्यक्रम 19 मार्च 2026 (गुरुवार) से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) तक आयोजित किया जाएगा। कीर्तन का आयोजन हवाई पट्टी के पास स्थित मनोकामना नाथ नागेश्वर शिव मंदिर परिसर में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
कार्यक्रम का समापन अंतिम दिन दोपहर में पूर्णाहुति के साथ विधिवत रूप से संपन्न होगा। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रभु नाम संकीर्तन के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
इस पावन आयोजन को साकेतवासी महामंडलेश्वर श्री 1008 स्वामी श्री रघुवरदास जी महाराज (चतुर्भुजी भगवान मंदिर, अयोध्या) के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न कराया जा रहा है। पिछले 41 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस कीर्तन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग और उत्साह देखने को मिलता रहा है।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार एवं इष्टमित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भक्ति आयोजन में सहभागिता करें तथा सीताराम नाम संकीर्तन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Continue With Google
Comments (0)