आमला। चैत्र नवरात्रि एवं श्री रामनवमी के पावन अवसर पर आमला में आयोजित 42वें सीताराम कीर्तन का समापन कल 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को दोपहर पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा।
यह भव्य धार्मिक आयोजन 19 मार्च से श्री मनोकामना नाथ नागेश्वर शिव मंदिर, एरोड्रम आमला में निरंतर श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। साकेतवासी महामंडलेश्वर 1008 श्री रघुवरदास जी महाराज, विद्याकुंड अयोध्या निवासी के पावन मार्गदर्शन में पिछले 42 वर्षों से चैत्र नवरात्रि के अवसर पर यह कीर्तन परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।
आयोजन के दौरान क्षेत्रभर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं, जिससे पूरे आमला क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है।
लक्ष्मण शेषराव चौकीकर ने जानकारी देते हुए बताया कि नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में नवयुवक रामायण मंडल आमला, रामायण मंडल बोड़खी, महिला मंडल तथा विभिन्न ग्रामीण भजन मंडलों द्वारा निरंतर कीर्तन और भजन प्रस्तुत किए गए, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।
समापन अवसर पर हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजक समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ प्राप्त करें।
यह आयोजन उमराव चौकीकर भगत जी रामायण मंडल, आमला-बोड़खी के तत्वावधान में समस्त भजन मंडलों एवं महिला मंडलों के सहयोग से संपन्न हो रहा है।

Continue With Google
Comments (0)