आमला। तपती गर्मी के बीच जहां सूरज की तेज़ किरणें लोगों को बेहाल कर रही हैं, वहीं आमला में मानवता और सेवा की मिसाल पेश की जा रही है। शहर के सेवाभावी संगठन बिना किसी भेदभाव के स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों तक शीतल जल पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
जैसे एक पुराना गीत कहता है—“गाड़ी को देख, कैसी है नेक… अच्छा बुरा न देखे…”—उसी भावना के साथ ये समाजसेवी हर यात्री को समान रूप से सेवा प्रदान कर रहे हैं। ट्रेन में सवार हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का यह प्रयास इन दिनों लगातार जारी है।
इसी क्रम में आज व्यापारी संघ आमला एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को ठंडा पानी वितरित किया। कड़ी धूप और गर्म हवाओं के बावजूद युवाओं और समाजसेवियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यह सेवा कार्य केवल राहत देने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी दे रहा है। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

यह जल सेवा अभियान पूरे गर्मी के मौसम में जारी रहेगा। शहर के अन्य सामाजिक संगठनों और नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि वे अपने समय का थोड़ा हिस्सा निकालकर इस पुण्य कार्य में सहयोग करें, ताकि यह प्रयास निरंतर चलता रहे और अधिक से अधिक लोगों तक राहत पहुंच सके।