आमला। नगर पालिका आमला में इन दिनों कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि यहां कर्मचारियों से उनके निर्धारित पदों के बजाय अन्य कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में भृत्य, चौकीदार और ड्राइवर जैसे पदों पर नियुक्त कर्मचारी बाबू (क्लेरिकल कार्य) का काम कर रहे हैं। वहीं ग्रेड-03 के कर्मचारियों से ग्रेड-01 स्तर के कार्य लिए जा रहे हैं। इस प्रकार का पदों का उलटफेर न केवल नियमों के विरुद्ध माना जा रहा है, बल्कि इससे कार्य की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन कर्मचारियों को संबंधित कार्य का तकनीकी या प्रशासनिक ज्ञान नहीं है, उनसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाने से गलतियों की आशंका बढ़ जाती है। इससे आम जनता को मिलने वाली सेवाओं में भी देरी और परेशानियां सामने आ रही हैं।
प्रश्न यह भी उठ रहा है कि यदि ये कर्मचारी इतने ही दक्ष थे, तो इन्हें मूल पदों—भृत्य, चौकीदार या ड्राइवर—पर नियुक्त ही क्यों किया गया। मामले को लेकर नगर में चर्चा का माहौल है और लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Continue With Google
Comments (0)