आमला (23 अप्रैल 2026)। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला द्वारा गुरुवार को क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्थानों पर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

ग्राम पंचायत तोरनवाड़ा में सचिव द्वारा संधारित केसबुक अपूर्ण पाई गई, जिस पर तीन दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के लिए पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक और कोटवार की संयुक्त टीम बनाकर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कोटवार के गणवेश में अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।

ग्राम पंचायत बोरीखुर्द में पटवारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जाता पाया गया, जबकि हरण्या पंचायत में सचिव अनुपस्थित मिले, जिनके एक दिन के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। हरण्या में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए। वहीं नाली के गंदे पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर सात दिवस में निराकरण के आदेश दिए गए।

ग्राम पंचायत बोरदेही में आवास योजना से जुड़ी शिकायतों पर सात दिन में समाधान के निर्देश दिए गए, साथ ही पूरे कार्य की जांच कराने के आदेश भी दिए गए। कोंढरढाना मोक्षधाम मार्ग निर्माण की मांग पर संबंधित अधिकारियों को जमीन संबंधी समस्या हल करने को कहा गया।

पीएचसी बोरदेही के निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई। फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला और वाटरमैन द्वारा दवा वितरण किया जा रहा था। स्टॉक रूम में एक्सपायरी इंसुलिन के पैकेट पाए गए, जिन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। अस्पताल में साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। आयुष अस्पताल के डॉक्टर को मुख्यालय में निवास करने और सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विधायक द्वारा प्रदाय एम्बुलेंस अब तक अस्पताल को प्राप्त नहीं हुई है, वहीं जननी योजना के तहत प्रसूता महिलाओं के भोजन भुगतान वर्ष 2024 से लंबित हैं।

इसके अलावा छिपन्या पिपरिया क्षेत्र में पेयजल समस्या पर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

एसडीएम शैलेन्द्र बडौनियां ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।