आमला — क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम चूटकी निवासी महेश (पिता रामकलाल) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश अपने मामा के गांव सेमरिया जोशी (चंदू उईके) से अपने गांव लौट रहा था। तभी गांव के बाहर अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर जंबाडा की ओर जा रहा था। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल निजी वाहन से आमला अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उसका इलाज शुरू हो सका।

अस्पताल में डॉ. दर्शन जैसवाल ने मानवता का परिचय देते हुए स्वयं घायल का उपचार किया और गंभीर चोटों पर टांके लगाए। इस दौरान कंपाउंडर मनीष सोलंकी ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिससे उपचार प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी।फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस से सख्त कदम उठाने की उम्मीद जताई जा रही है।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।