आमला। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) तहसील एवं विकासखंड शाखा आमला द्वारा कलेक्टर बैतूल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आमला के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों और आश्रमों में एससी-एसटी वर्ग के अधीक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि म.प्र. शासन के नियमानुसार अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रावासों एवं आश्रमों में संबंधित वर्ग के ही अधीक्षकों की नियुक्ति होना आवश्यक है। इसके बावजूद बैतूल जिले के सभी 10 विकासखंडों में संचालित कई छात्रावासों एवं आश्रमों में अन्य वर्ग के अधीक्षक पदस्थ हैं, जो नियमों के विपरीत बताया गया है।

अजाक्स संघ ने मांग की है कि ऐसे अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटाकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के योग्य एवं पात्र व्यक्तियों की नियुक्ति की जाए।

संघ का कहना है कि इससे छात्रों को बेहतर वातावरण मिलेगा और वे किसी भी प्रकार के जातिगत भेदभाव से मुक्त होकर अपने ही वर्ग के अधीक्षकों के मार्गदर्शन में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

अजाक्स पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस विषय में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन पर जिला उपाध्यक्ष अजाक्स संघ बैतूल, ब्लॉक प्रभारी अजाक्स संघ आमला, ब्लॉक अध्यक्ष एवं तहसील अध्यक्ष अजाक्स संघ आमला के हस्ताक्षर रहे।