मुलताई। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर की सामाजिक संस्था अल फैज़ वेलफेयर सोसाइटी ने प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में सोसाइटी के पदाधिकारियों ने पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित कराया।
सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर ईद के दिन शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण रखने एवं आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) लागू करने की बात कही।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जामा मस्जिद मार्ग पर ईद के दिन दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए, जिससे नमाज के दौरान भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
इसके साथ ही अमरावती रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने यातायात नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी की गई, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका सीएमओ के नाम सौंपे गए ज्ञापन में साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी कई मांगें रखी गईं। इनमें प्रमुख रूप से ईदगाह एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पानी के टैंकर की व्यवस्था, चलित शौचालय की सुविधा तथा जामा मस्जिद से कब्रिस्तान तक मुख्य मार्ग पर चूना पट्टी डालने की मांग शामिल है।
यह ज्ञापन नगर पालिका के उपयंत्री महेश शर्मा को सौंपा गया।
सोसाइटी ने प्रशासन से अपील की है कि ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, जिससे सभी नागरिक भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मना सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष सैयद मकसूद अली, उपाध्यक्ष शेख इसराइल एवं आरिफ पेंटर, सचिव अब्दुल वाहिद पठान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)