आमला: होनहार पर्वतारोही प्रताप बिसंदरे अफ्रीका की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो (तंजानिया) पर 26 जनवरी को तिरंगा ध्वज लहराकर देश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। माउंट किलिमंजारो की ऊँचाई 5,895 मीटर (19,340 फीट) है और इसे दुनिया का सबसे ऊँचा अकेला खड़ा पर्वत माना जाता है।

प्रताप बिसंदरे आज आमला से अफ्रीका के लिए रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व बैतूल जिला पिट्टू एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज सोनी, उपाध्यक्ष नरेश भावसार एवं कोषाध्यक्ष हरिभाऊ झरबड़े द्वारा प्रमुख समाजसेवियों की उपस्थिति में उनका सम्मान किया गया और शुभकामनाएं दी गईं।

प्रताप बिसंदरे का पर्वतारोहण सफर

  • प्रताप का जन्म तहसील आमला के ग्राम बड़गांव में हुआ।
  • उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी से वर्ष 2021 में बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स 'A' ग्रेड के साथ पूर्ण किया।
  • वर्ष 2023 में एडवांस पर्वतारोहण कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया।
  • प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की माछाधार एवं हुर्रा टॉप जैसी चोटियों का सफल आरोहण किया।

महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ

  • 15 अगस्त 2023: माउंट यूनाम (20,049 फीट) पर सफल आरोहण कर तिरंगा फहराया।
  • 15 अगस्त 2024: दूसरी बार माउंट यूनाम फतह की।
  • 27 अगस्त 2024: कांग यात्से–2 (20,505 फीट) पर सफल आरोहण।
  • 30 अगस्त 2024: कांग यात्से–1 (21,000 फीट) पर सफल आरोहण।

अब वर्ष 2026 में प्रताप बिसंदरे 21 जनवरी से 28 जनवरी के मध्य माउंट किलिमंजारो का पर्वतारोहण करेंगे और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराकर अपनी मातृभूमि भारत को गौरवान्वित करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से आमला सहित पूरे बैतूल जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।