आमला। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत रिखड़ी में इन दिनों कथित रूप से अवैध खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि योगेश यादव पिता लखन यादव द्वारा क्षेत्र में लगातार मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जबकि पंचायत द्वारा इस संबंध में जानकारी नहीं होने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार देर रात और सुबह के समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से खनिज सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। इससे एक ओर शासन को राजस्व की हानि होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कों की स्थिति भी खराब हो रही है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पंचायत को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है तो यह प्रशासनिक लापरवाही दर्शाता है, और यदि जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है तो यह गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।

*इनका कहना है —*

“मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।”

*— सरपंच, ग्राम पंचायत रिखड़ी*

“यदि अवैध खनन हो रहा है तो जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

*मनीष पालेवाल, जिला खनिज अधिकारी*