आमला। नगर के खानपुर रोड स्थित वार्ड नंबर 5 में एसबीआई कियोस्क के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विनोद पाटिल के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टि में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विनोद पाटिल उसी कियोस्क के ऊपर किराए के कमरे में रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह करीब दो दिन पहले ही नागपुर से आमला आया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया।

मृतक की पहचान उसकी पत्नी चंद्रकाल पाटिल द्वारा की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। बताया जा रहा है कि विनोद पाटिल मूल रूप से हरदा का रहने वाला था, जबकि उसका ससुराल खापा में है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।