आमला। डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय आमला में शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार त्रिदिवसीय वार्षिक उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. गुलाबराव डोंगरे की अध्यक्षता एवं पूर्व प्राध्यापक डॉ. देवराव बागदरें के मुख्य आतिथ्य में क्रीड़ा गतिविधियों के साथ हुआ।
उत्सव के प्रथम दिवस पर छात्र-छात्राओं के लिए लेमन रेस, म्यूजिकल चेयर रेस, बोरा दौड़, दौड़ एवं सटल रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। द्वितीय दिवस पर ललितकला विधा के अंतर्गत पुष्प सज्जा, केश सज्जा, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता तथा साहित्यिक विधा में स्वरचित कविता पाठ एवं वक्तृत्वता प्रतियोगिता आयोजित हुई।
त्रिदिवसीय उत्सव के तृतीय दिवस पर भारतीय ज्ञान परंपरा थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एकल एवं समूह गायन, नृत्य, मिमिक्री, लघुनाटिका और भारतीय ज्ञान परंपरा वेषभूषा प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुश्री मुक्ता ढोलेकर मुख्य अतिथि रहीं, जबकि समिति सदस्य श्रीमती अपर्णा बोस, श्री अशोक झा, श्री नितिन खातरकर, श्री शैलेन्द्र सोलंकी एवं श्री शैलेश सोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री मुक्ता ढोलेकर ने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार अवसर होता है। वहीं प्राचार्य प्रो. गुलाबराव डोंगरे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

Continue With Google
Comments (0)