आमला। गर्मियों में हर वर्ष गहराने वाले जल संकट को लेकर नगर पालिका ने इस बार सख्त और दूरगामी कदम उठाए हैं। शुक्रवार को आयोजित आपात बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। उल्लेखनीय है कि वर्तमान परिषद के कार्यकाल में पहली बार कोई बैठक तीन घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें शहर की जल समस्या पर गंभीर चर्चा की गई।

*15 नए नलकूप और अतिरिक्त कुआं बनेगा*

वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद राकेश शर्मा की मांग पर 15 नए नलकूप खनन, चिकना नाला स्थित कुएं के विस्तार और एक अतिरिक्त कुएं के निर्माण को स्वीकृति दी गई। नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करते हुए आवश्यक मोटर, पाइप और उपकरणों की त्वरित खरीदी को भी मंजूरी दी।

*सप्लाई सिस्टम में बड़ा बदलाव*

आगामी जल संकट को देखते हुए 15 मार्च से पूरे शहर में पेयजल वितरण दो दिन के अंतराल से किया जाएगा। साथ ही 6600 नल कनेक्शनों में से 646 बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का निर्णय लिया गया है। जलावर्धन कंपनी द्वारा यह कार्रवाई की जाएगी।

* *जलाशय गहराई बढ़ेगी, नया जलाशय भी बनेगा*

लालावाड़ी स्थित जलाशय की गहराई बढ़ाने और शहर की बढ़ती जरूरत को देखते हुए एक अतिरिक्त जलाशय निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया। किसानों द्वारा अनाधिकृत जल उपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पार्षद रोहित हारोडे की मांग पर नगर के सभी सार्वजनिक जल स्रोतों पर सोलर सिस्टम लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से मंजूर किया गया।

* *बैठक की बड़ी बातें*

चार वर्षों में पहली बार तीन घंटे से अधिक चली परिषद बैठक

जल संकट पर गंभीर और व्यापक चर्चा

सभी प्रमुख प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

विशेष निधि से स्वीकृत करोड़ों के कार्य 15 दिन में शुरू करने के निर्देश

नगर पालिका के इन निर्णयों से उम्मीद की जा रही है कि इस बार आमला शहर को गर्मियों में जल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।