आमला। आमला के बेहद लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. मुकेश राव वागद्रे की नई नियुक्ति सिविल अस्पताल आमला में मेडिकल विशेषज्ञ (प्रथम श्रेणी) के रूप में हुई है। उन्होंने आज सिविल अस्पताल पहुंचकर विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और उन्हें पुष्पमाला, गुलदस्ता एवं मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित मेडिकल विशेषज्ञ (प्रथम श्रेणी) चयन परीक्षा में चयनित होने के उपरांत, मंत्रालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा डॉ. मुकेश राव वागद्रे की पदस्थापना सिविल अस्पताल आमला में की गई है।
यह नियुक्ति आमला क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि संभवतः डॉ. मुकेश राव वागद्रे जिले के पहले ऐसे चिकित्सक हैं, जो प्रथम श्रेणी मेडिकल विशेषज्ञ होने के बावजूद विकासखंड स्तर पर अपनी सेवाएं देंगे। सामान्यतः इस श्रेणी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की पहली प्राथमिकता जिला स्तर के अस्पताल होते हैं, लेकिन आमला के प्रति उनका लगाव और यहां के लोगों का प्रेम उन्हें पुनः इसी शहर में ले आया।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि डॉ. वागद्रे की यह पदस्थापना केवल एक प्रशासनिक नियुक्ति नहीं, बल्कि आमला की जनता के लिए राहत और विश्वास की बड़ी सौगात है। डॉ. वागद्रे लंबे समय से अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और मरीजों के प्रति आत्मीय संवेदनशीलता के कारण आमला क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। यही कारण है कि उनके पदभार ग्रहण करते ही अस्पताल परिसर में बधाई देने वालों का तांता लग गया।
इस अवसर पर प्रगतिशील व्यापारी संघ आमला के अध्यक्ष अनिल सोनी ने कहा कि डॉ. मुकेश राव वागद्रे के चिकित्सीय कार्यों से आमला की जनता पूरी तरह संतुष्ट है। मरीजों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार, सेवा भावना और जिम्मेदार कार्यशैली उन्हें अन्य चिकित्सकों से अलग पहचान देती है। उन्होंने कहा कि यह आमला के लिए सौभाग्य की बात है कि उनकी नई पदस्थापना भी यहीं हुई है।
इस अवसर पर अस्पताल एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें डॉ. मुकेश राव वागद्रे (मेडिकल विशेषज्ञ प्रथम श्रेणी), डॉ. आस्था सोलंकी (सर्जन), डॉ. प्रदीप जयंत (मेडिकल ऑफिसर), डॉ. राकेश बचले (मेडिकल ऑफिसर), अनिल सोनी (अध्यक्ष प्रगतिशील व्यापारी संघ आमला), राजीव मदान (संयोजक श्री महावीर हनुमान गौशाला आमला), संजय साहू (अध्यक्ष व्यापारी संघ आमला), हेमंत गुगनानी (सचिव), यशवंत चढ़ोकार (संचालक जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय आमला), बसंत ओडुकले (एल्डरमैन पार्षद, नपा आमला), दुष्यंत ढोमने, पत्रकार दिलीप चौकीकर, मनोज विश्वकर्मा, विनोद परदेशी, अशोक गाड़वे, अशोक झा, अन्नू यादव, वीरेंद्र ठाकुर, राजेश सोनिया, मारुति पाटणकर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
डॉ. वागद्रे की नियुक्ति से आमला क्षेत्र के मरीजों को अब विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा, जिससे मरीजों को जिला अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। यह नियुक्ति निश्चित रूप से आमला की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।