आमला, 27 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि एवं श्री रामनवमी के पावन अवसर पर आमला में आयोजित 42वें रामनाम (सीताराम) कीर्तन का शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ भव्य समापन हुआ। पूरे नौ दिनों तक नगर रामनाम कीर्तन से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

श्री मनोकामना नाथ नागेश्वर शिव मंदिर, एरोड्रम आमला में 19 मार्च से प्रारंभ हुए इस आयोजन में प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु लगातार सहभागिता करते रहे।

कार्यक्रम में नवयुवक रामायण मंडल आमला, रामायण मंडल बोड़खी, महिला मंडल एवं ग्रामीण भजन मंडलों द्वारा आकर्षक कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

समापन अवसर पर विधि-विधान से हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल एवं विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे सपत्नीक विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।

आयोजन समिति के लक्ष्मण शेषराव चौकीकर ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं भजन मंडलों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन उमराव चौकीकर भगत जी रामायण मंडल, आमला-बोड़खी के तत्वावधान में संपन्न हुआ।