आमला। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर एसबीआई कृषि विकास शाखा, आमला में बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्राहकों ने मिलकर स्थापना दिवस मनाया और बैंक की गौरवशाली 71 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया।

समारोह का शुभारंभ शाखा में उपस्थित वरिष्ठ महिला ग्राहकों के करकमलों से केक काटकर किया गया। इस अवसर पर बैंक परिसर तालियों की गूंज, शुभकामनाओं और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया। केक कटिंग के बाद सभी ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए मिठाइयां वितरित कीं और बैंक की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक समीर चंदेल ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक पिछले 71 वर्षों से देश की आर्थिक प्रगति, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्योग, व्यापार और आम नागरिकों के जीवन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का अटूट विश्वास ही एसबीआई की सबसे बड़ी पूंजी है और बैंक भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता तथा उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के साथ लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

उन्होंने उपस्थित ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक और ग्राहकों का रिश्ता केवल लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का संबंध है। इसी विश्वास ने एसबीआई को देश का सबसे बड़ा और सबसे भरोसेमंद बैंक बनाया है।

कार्यक्रम के दौरान ग्राहकों ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बैंक द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बैंक और ग्राहकों के बीच आपसी विश्वास एवं आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

समारोह में वरिष्ठ ग्राहक श्रीमती रामकली बाई, श्रीमती रेखा प्रजापति, श्रीमती संत्री बाई, श्रीमती श्याम बाई पुनडे एवं श्री राम मैहर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वहीं बैंक परिवार की ओर से क्षेत्राधिकारी श्री विशाल, शाखा प्रबंधक समीर चंदेल, सेवा प्रबंधक श्रीमती अश्विनी अतुलकर, श्री धरावत समन्ना, अक्षय परिहार, श्वेता नरवरे, कु. अनुराधा सहित शाखा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाया।

कार्यक्रम का समापन सभी ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों द्वारा एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने तथा बैंक की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना के साथ सौहार्दपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।