बैतूल: लव जिहाद के आरोपों से जुड़े मामले में एक हिंदू युवती को प्रताड़ित किए जाने के विरोध में सोमवार को बैतूल में राष्ट्रीय हिन्दू सेना के आह्वान पर जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। सेन चौक पर आरोपी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया। रैली के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आरोपी पर कठोर कार्रवाई, जमानत निरस्त करने और पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा देने की मांग उठाई गई। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।

राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने युवती के उत्पीड़न प्रकरण में कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि एक निजी फाइनेंस कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत एक हिन्दू युवती को विशेष समुदाय के युवक द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। ज्ञापन में लव जिहाद की मानसिकता से उत्पीड़न किए जाने की बात कही गई है।

आरोप है कि राजू खान नामक युवक ने कई बार युवती के कार्यालय पहुंचकर चाकू निकालकर गाली-गलौज की और उसका मोबाइल नंबर मांगा। सीसीटीवी फुटेज में यह घटना कैद होने का भी दावा किया गया है। आरोप है कि युवक ने राह चलते भी युवती से अभद्रता की और जबरन बात करने का प्रयास किया।

ज्ञापन में दर्ज विवरण के अनुसार, 1 जनवरी की रात युवक अपने साथी के साथ युवती के घर पहुंचा और मुख्य गेट पर शराब की बोतल फोड़ दी, जो घटना भी सीसीटीवी में कैद बताई गई है। इस घटनाक्रम के बाद युवती ने डर के कारण ऑफिस जाना बंद कर दिया और 2 जनवरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, परंतु आरोप है कि हिरासत में और न्यायालय में पेशी के दौरान भी राजू खान ने युवती और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि राजू खान आपराधिक प्रवृत्ति का है और उस पर कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

प्रदर्शन में यह लोग रहे शामिल:

  • समाजसेवी व हिंदू नेता सुनील द्विवेदी
  • अधिवक्ता संजय पप्पी शुक्ला
  • गोलू उघड़े
  • प्रदेश संयोजक पवन मालवीय
  • हिंदू युवा वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष कविता मालवीय
  • अन्य गणमान्य व्यक्ति

राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने आरोपी की जमानत पर रोक लगाने, युवती और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।