बैतूल की पल्लवी दुबे ने यूपीएससी में सफलता का परचम लहराया

बैतूल: कोठी बाजार स्थित श्री बड़ा राम मंदिर के पुजारी परिवार की बेटी, पल्लवी दुबे, ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। पल्लवी का चयन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के अंतर्गत माय भारत में सहायक निदेशक / जिला युवा अधिकारी के पद पर हुआ है। यह पद क्लास-1 ऑफिसर के रैंक के अंतर्गत आता है।

पल्लवी दुबे, दिलीप दुबे (पप्पू महाराज) और अल्पना दुबे की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लिटिल फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बैतूल से प्राप्त की, और आगे की शिक्षा भोपाल के इंस्टीट्यूट फॉर एक्सीलेंस इन हायर एजुकेशन से पूरी की। उनका चयन यूपीएससी सीएसई 2023 के अंतर्गत प्रतिभा सेतु पहल के माध्यम से हुआ है।

पल्लवी की इस सफलता के पीछे लंबे समय से किया गया परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प है। उनके परिवार के सहयोग, गुरुओं के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों के आशीर्वाद ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पल्लवी की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।