बैतूल। जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीजादेही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹5,750 नकद एवं 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। सभी के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

 

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे तथा एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

 

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चूनाहजुरी में कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बीजादेही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच लोगों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश यादव (40) निवासी दुमका रैय्यत, रतिराम परते (40) निवासी चिखली माल, छोटेराम धाड़से (50) निवासी चूनाहजुरी, विनोद राठौर (50) निवासी चूनाहजुरी तथा उमेश धुर्वे (28) निवासी चिखली माल शामिल हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹5,750 नकद एवं 52 ताश के पत्ते बरामद कर जब्त किए। इस संबंध में थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 13 मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

 

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।