नेपानगर । ग्राम हैदरपुर में किसान पियूष महाजन के खेत में करीब 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से किसान और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार अजगर पिछले तीन-चार दिनों से खेत के अंदर ही मौजूद था, जिसके कारण किसान खेत में जाने से भी डर रहे थे।

बताया जा रहा है कि अजगर ने एक सियार का शिकार कर रखा था, जिसका वजन करीब 10 से 12 किलो बताया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार अजगर का वजन करीब 30 किलो के आसपास होने का अनुमान है। खेत में इतने बड़े अजगर को देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

 

 

सर्पमित्र ने बड़ी मशक्कत से किया रेस्क्यू

अजगर की सूचना मिलने पर सर्पमित्र महाराज सातपायरी खेम सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजगर कई दिनों से खेत में छिपा हुआ था। सियार का शिकार करने के बाद वह वहीं आसपास मौजूद रहा होगा। अजगर का आकार काफी बड़ा होने के कारण उसका रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण था। काफी मशक्कत और सावधानी के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

खेत में कैसे पहुंचा अजगर?

 

 

ग्रामीणों के अनुसार, हैदरपुर के आसपास खेतों में हरियाली और झाड़ियों के साथ-साथ चूहों, सियार तथा अन्य छोटे वन्यजीवों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में भोजन की तलाश में अजगर खेतों की ओर पहुंच सकता है। माना जा रहा है कि वह आसपास के झाड़ियों या खेतों के रास्ते अंदर आया होगा और शिकार मिलने के बाद वहीं कुछ दिनों तक छिपा रहा। हालांकि अजगर खेत में कहां से और किस रास्ते से पहुंचा, इसकी निश्चित जानकारी नहीं हो सकी है।

 

रेस्क्यू के बाद वन विभाग के हवाले

सर्पमित्र द्वारा अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने के बाद उसे वन विभाग के हवाले कर दिया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद किसान और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। विशालकाय अजगर को देखने के लिए मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।