आमला। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी समाज के गौरव और जननायक धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आमला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्राची पारधी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनसेवा को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्राची पारधी ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने अपने अल्प जीवन में शोषण, अन्याय और अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर समाज को एक नई दिशा दी। उनका जीवन हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके संघर्ष, साहस तथा राष्ट्रभक्ति से सीख लेकर समाज और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी धरती आबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुल्ताना बानो, मीरा मगरदे, कांतादेवी सातनकर, सरिता प्रजापति, शारदा भाले, प्रिया चंदनबटवे, गीता पांडे, रुकसाना बानो, ममता बचले सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन बिरसा मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।