आमला, 18 मार्च 2026।
समाज में सकारात्मक बदलाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सार्थक सृजन संस्था के सदस्यों ने सदस्य चंद्रशेखर सोनी के जन्मदिवस को सेवा एवं जागरूकता के रूप में मनाया। इस अवसर पर आमला में पौधरोपण किया गया तथा शासकीय अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल एवं बिस्किट वितरित कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर सोनी, किशोर गुगनानी, भोला वर्मा, जयंत सोनी, राजू मदान, अनिल सोनी एवं यशवंत चड़ोंकार सहित उपस्थित सदस्यों ने कहा कि आज पर्यावरण असंतुलन के कारण स्वच्छ हवा और शुद्ध पानी का संकट गहराता जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण ने मानव जीवन को कई गंभीर बीमारियों की ओर धकेल दिया है। इसके बावजूद मनुष्य अपने स्वार्थवश जल, जंगल और जमीन का निरंतर दोहन कर रहा है, जो आने वाले समय के लिए खतरनाक संकेत है।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज प्रकृति को देवतुल्य मानते थे—धरती को माता, आकाश को पिता और नदियों व वनस्पतियों को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करते थे। उनके जीवन में संयम, सादगी और संतोष था, जबकि आज की असीमित इच्छाएं और भौतिक लालसा मानव को प्रकृति से दूर कर रही हैं।
सदस्यों ने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझें। अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाएं, खुले में कचरा न फैलाएं तथा प्लास्टिक और पॉलीथीन का उपयोग पूरी तरह बंद कर कपड़े की थैली अपनाएं।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि जीवन के विशेष अवसर—जैसे जन्मदिन—को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों से जोड़कर सार्थक बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मयंक सोनी, कांति सोनी, लखन लाल सोनी, गुलाब खादी पूरे, रूप लाल सोनी, संतोष सोनी, बंटी सोनी एवं लोकेश सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)