बिरूल बाजार में ठप हुई जल जीवन मिशन की नल-जल योजना, ग्रामीणों में आक्रोश
तीन महीने से बंद पड़ा टंकी निर्माण का कार्य, ठेकेदार बोला बिलिंग का है मामला
मुलताई।प्रभात पट्टन जनपद पंचायत क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बिरूल बाजार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ गई है, योजना की धीमी गति और अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा गांव में जगह-जगह सड़कों की खुदाई कर दी गई है, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया।
जिसके चलते कई स्थानों पर नालियां चोक हो गई हैं और सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अब तक अधिकांश घरों को नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं, जिससे योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
वहीं पानी की टंकी का निर्माण कार्य भी लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, ठेकेदार से चर्चा में बात सामने आई कि तीन माह से बिलिंग नहीं हुई जिससे काम रुका पड़ा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही और संबंधित विभाग की अनदेखी के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं।
जल जीवन मिशन का कार्य समय सीमा में पूरा न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही काम शुरू कर योजना को पूरा नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।
"इनका कहना है"
जिला कलेक्टर से लेकर जल निगम के जीएम तक से पत्राचार किया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी है।
जीवन बनकर सरपंच बिरूल बाजार

Continue With Google
Comments (0)