आमला। रमज़ान के पाक महीने के आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा के अवसर पर शहर की मस्जिदों में आस्था और अकीदत का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाज़ अदा करने के लिए सुबह से ही नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मस्जिदें नमाज़ियों से खचाखच भर गईं और लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से इबादत करते हुए देश और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआएं मांगीं।
इस खास मौके पर नूरी जामा मस्जिद कमेटी, आमला द्वारा ईद-उल-फितर की नमाज़ के समय की भी घोषणा की गई। कमेटी के अनुसार शनिवार को ईद की नमाज़ सुबह 9:00 बजे ईदगाह में अदा की जाएगी। यदि मौसम खराब रहता है या बारिश होती है, तो नमाज़ सुबह 9:00 बजे ही जामा मस्जिद में अदा की जाएगी।
कमेटी ने सभी मुस्लिम भाइयों से अपील की है कि वे निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखें और समय पर पहुंचकर ईद की नमाज़ अदा करें। साथ ही आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
इधर ईद को लेकर शहर में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बाजारों में खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है, जहां कपड़े, सेवइयां और अन्य जरूरतों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है। रमज़ान के इस पवित्र माह के समापन के साथ ही अब हर किसी को ईद के त्योहार का बेसब्री से इंतजार है।

Continue With Google
Comments (0)