आमला। नगर पालिका में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) की आईडी जनरेट नहीं होने के कारण विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े हितग्राही इन दिनों भटकने को मजबूर हैं। आईडी जनरेट न होने से कई जरूरी ऑनलाइन प्रक्रियाएं लंबित पड़ी हुई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, आईडी जनरेट न होने के कारण लाडली लक्ष्मी योजना एवं आरटीई (Right to Education) के अंतर्गत होने वाली ऑनलाइन स्वीकृतियों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इन योजनाओं के लिए आवेदन करने वाले बच्चों की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित है, लेकिन समग्र आईडी का अप्रूवल नहीं होने से अभिभावक लगातार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

अभिभावकों का कहना है कि समय सीमा नजदीक होने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। कई अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सीएमओ की आईडी जनरेट कर आवश्यक अनुमोदन प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि हितग्राहियों को राहत मिल सके और बच्चों के आवेदन समय पर पूरे हो सकें।