आमला: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस हर्ष, उत्साह और संगठनात्मक एकता के साथ मनाया गया। इस समारोह में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज मालवे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज देशमुख और नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे ने कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, "28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत महाविद्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना की गई थी, जिसमें लगभग 72 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। कांग्रेस ने ब्रिटिश शासन के भेदभावपूर्ण कानूनों के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाई और स्वतंत्रता आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।"

श्री गाडरे ने कहा कि 140 वर्ष पुरानी कांग्रेस पार्टी आज भी जमीनी स्तर से लोकतंत्र और देश की मूल अवधारणाओं को मजबूत करने के लिए सतत प्रयास कर रही है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित जनआंदोलन ने पार्टी की जनस्वीकृति और संगठनात्मक ताकत को स्पष्ट किया है।

महात्मा गांधी के योगदान को स्मरण करते हुए, श्री गाडरे ने कहा कि चंपारण और खेड़ा आंदोलनों के माध्यम से ब्रिटिश शासन को पहली बार निर्णायक चुनौती मिली। कांग्रेस के नेतृत्व में चले आंदोलनों से देशभर के युवाओं में स्वतंत्रता संग्राम के प्रति विश्वास और समर्पण बढ़ा।

आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए। पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में AIIMS, IIT, IIM, NIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना की गई। वर्ष 1961 में NCERT की स्थापना भी इसी क्रम में की गई।

कार्यक्रम में जिला युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे, पार्षद सुनील उईके, सेवादल अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणेश ढोमने, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनीष नागले समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस के इन ऐतिहासिक योगदानों को स्मरण करते हुए आमला नगर में पार्टी का 141वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक और संगठनात्मक एकता के साथ मनाया गया।