आमला। लगातार हो रही बारिश के बीच जब अधिकांश लोग घरों में रहे, तब वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर छाता लेकर अपने वार्ड की सड़कों पर उतरीं और जलभराव तथा पानी निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड की गलियों, नालियों, जलभराव वाले स्थानों और बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर नागरिकों से उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर बारिश का पानी जमा मिला और निकासी बाधित पाई गई, उन सभी स्थानों को चिन्हित कर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी उल्लास जोशी को तत्काल अवगत कराया गया। पार्षद ने अधिकारियों से शीघ्र नालियों की सफाई एवं पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लगातार हो रही बारिश के बावजूद लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के दौरान फरीद खान के मकान में पानी भर गया था। शिकायत मिलते ही नगर पालिका के सहयोग से वहां पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई गई है। अब फरीद खान के घर सहित आसपास के क्षेत्र में किसी भी मकान में बारिश का पानी प्रवेश नहीं करेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मालगोदाम क्षेत्र के पास स्थित बड़े नाले की सफाई जेसीबी मशीन के माध्यम से कराई जा रही है, जिससे बारिश के पानी का बहाव सुचारु होगा और जलभराव की समस्या पर स्थायी नियंत्रण मिलेगा।

पार्षद ने कहा कि बरसात के पूरे मौसम में वार्ड की प्रत्येक गली और नाली पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। जहां भी जलभराव या नालियों की सफाई संबंधी समस्या सामने आएगी, वहां तत्काल नगर पालिका के माध्यम से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि बारिश के दौरान यदि कहीं जलभराव या नाली जाम होने की समस्या दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते उसका निराकरण किया जा सके।