डबरा ।

नगर की गौशालाओं की बदहाल स्थिति और गौवंश की लगातार हो रही मौतों को लेकर सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में “साथी हाथ बढ़ाना” संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गौ संरक्षण को लेकर गंभीर मंथन हुआ।

 

बैठक में संगठन के प्रमुख महेंद्र सिंह तोमर ‘चिंटू’ ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि नगरपालिका की लापरवाही के चलते गौशाला में भूसा और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उचित देखभाल और संसाधनों की कमी के कारण गौवंश की लगातार मौतें हो रही हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।

 

संगठन के सदस्यों ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गौशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए।

 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चांदपुर गौशाला में नवरात्रि के दौरान भूख के कारण हुई गौवंश की मौतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने हेतु संगठन सोमवार को आवेदन सौंपेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।

 

संगठन ने आमजन से भी अपील की है कि गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आएं और इस गंभीर मुद्दे पर जागरूकता फैलाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।