डबरा।

कृषि उपज मण्डी डबरा में नव नियुक्त प्रभारी सचिव हाकिम सिंह रावत ने कार्यभार संभालते ही सख्त रुख अपना लिया है। उनके नेतृत्व में मण्डी समिति और व्यापारी संघ के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए।

 

बैठक में तय किया गया कि दिनांक 18/04/2026 से मण्डी में सुबह 8 बजे से नियमित नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना नीलामी के किसी भी फसल की खरीदी नहीं होगी। यदि कोई व्यापारी बिना नीलामी और प्रवेश पर्ची के खरीदी करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि खरीदी केवल पक्की पर्ची पर ही की जाएगी और किसानों को सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे 37-A, उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

 

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मण्डी परिसर में पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, मण्डी में किसानों और व्यापारियों के बीच होने वाले विवादों को तुरंत सुलझाने के लिए एक निरीक्षण दल का गठन किया गया है।

 

बैठक के दौरान व्यापारियों ने ट्रक यूनियन के खिलाफ ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें आरोप लगाया गया कि यूनियन द्वारा मनमाने तरीके से भाड़े में वृद्धि की जा रही है और धर्मकांटे पर ट्रैक्टरों को रोका जा रहा है। इस मामले में भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।

 

प्रभारी सचिव के इस एक्शन से साफ संकेत मिल रहे हैं कि मण्डी में अब अनियमितताओं पर सख्ती और व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।