मैहर। मैहर जिले में अवैध खनन और पर्यावरण नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर मैहर श्रीमती विदिशा मुखर्जी के निर्देशन में गठित विशेष टास्क फोर्स समिति द्वारा जिले के स्टोन क्रेशरों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में नियमों को दरकिनार कर संचालित हो रहे 5 स्टोन क्रेशरों को सील कर दिया गया।
गहन निरीक्षण में सामने आई अनियमिताएं
टास्क फोर्स की टीम ने मैहर तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्टोन क्रेशरों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने संचालकों से न केवल दस्तावेजों की मांग की, बल्कि मौके पर जाकर भौतिक स्थिति का भी बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान टीम ने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया:
-
पर्यावरणीय अनुमति: क्रेशर संचालकों के पास वैध पर्यावरण मंजूरी (Environment Clearance) है या नहीं।
-
वृक्षारोपण की स्थिति: पर्यावरण सुरक्षा के लिए क्रेशर के चारों ओर अनिवार्य वृक्षारोपण किया गया है या नहीं।
-
पर्यावरण उपकरण: धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए स्प्रिंकलर और अन्य तकनीकी उपकरणों की क्रियाशीलता।
-
खनिज भंडारण: स्वीकृत खनन क्षेत्र के बाहर भंडारण और खनिजों की मात्रा का मिलान।
-
डायवर्सन: भूमि के उपयोग संबंधी वैध डायवर्सन दस्तावेज।
निरीक्षण के दौरान कई क्रेशरों में आवश्यक दस्तावेजों का अभाव पाया गया, साथ ही पर्यावरण एवं खनिज नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आया।
प्रशासन ने इन 5 क्रेशरों पर की कार्रवाई
नियमों की अनदेखी और गंभीर अनियमिताओं को देखते हुए टास्क फोर्स ने तत्काल प्रभाव से इन 5 स्टोन क्रेशरों को सीज कर ताला लगा दिया:
-
जय बजरंग स्टोन क्रेशर, तिलोरा
-
विंध्यवासिनी स्टोन क्रेशर, बठिया
-
मां शारदा स्टोन क्रेशर, रेउसा
-
अन्नपूर्णा स्टोन क्रेशर, सिरमीली
-
साई स्टोन क्रेशर, बठिया
कार्रवाई में सम्मिलित जांच दल
इस व्यापक जांच और कार्रवाई को अंजाम देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाई गई थी। दल में एसडीएम मैहर सुश्री दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र कुमार पटेल, पर्यावरण अधिकारी जी.के. बैगा, सहायक खनि अधिकारी महेंद्र सिंह एवं आशुतोष मिश्रा शामिल रहे। इनके साथ स्थानीय राजस्व निरीक्षक और हल्का पटवारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की आधिकारिक पुष्टि की।
संदेश स्पष्ट: नियमों का पालन अनिवार्य
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई ने क्षेत्र के अन्य क्रेशर संचालकों में भी हड़कंप मचा दिया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि पर्यावरण की सुरक्षा और खनिज नियमों का पालन करना प्रत्येक संचालक के लिए अनिवार्य है। यदि कोई भी क्रेशर बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मैहर कलेक्टर श्रीमती विदिशा मुखर्जी ने निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा ताकि जिले के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और नियमों का पालन न करने वालों पर प्रभावी अंकुश लग सके।
Image Source: https://maihar.mpinfo.org

Continue With Google
Comments (0)