डबरा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 08 में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से 
परेशान रहवासियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। वार्डवासियों और पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन, खासकर सीएमओ साक्षी बाजपेई पर अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए हैं।


डबरा। शहर के वार्ड क्रमांक 08 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने अनुविभागीय अधिकारी को आवेदन सौंपते हुए साफ कहा है कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते उनका वार्ड समस्याओं का गढ़ बन गया है।
रहवासियों का आरोप है कि वार्ड में पानी की सप्लाई नियमित नहीं हो रही, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। वहीं सड़कों की हालत इतनी खराब है कि लोगों का चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया है। गंदगी और कचरे के ढेर से पूरा इलाका परेशान है, जबकि नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति लगातार बनी रहती है।
सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय हो रही है, जब स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण पूरा वार्ड अंधेरे में डूब जाता है। इससे न केवल असुविधा बढ़ती है, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी लोगों में डर बना रहता है।
वार्ड 08 के पार्षद और रहवासियों ने सीधे तौर पर नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) साक्षी बाजपेई पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने और ध्यान दिलाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों का भरोसा प्रशासन से उठता जा रहा है।
आक्रोशित रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में नगर पालिका की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में और भी नाराजगी बढ़ रही है।