बैतूल। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के विरोध में जिला युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को गंज में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव ने किया, जिसमें कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए।
इंदौर में 15 मौतें, 1100 से अधिक बीमार
जिला युवा कांग्रेस का दावा है कि इंदौर में दूषित पानी पीने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। 201 से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं और 1100 से ज्यादा नागरिक बीमार हैं। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह घटना सरकार और प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है, जिसके चलते आम नागरिकों की जान जा रही है।
पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर भी जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा पत्रकारों के साथ किए गए दुर्व्यवहार और अपमानजनक शब्दों के प्रयोग को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है और इससे सरकार की मानसिकता उजागर होती है।
मुख्यमंत्री से इस्तीफे और एफआईआर की मांग
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव ने मुख्यमंत्री से तत्काल कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि 15 मौतों के लिए जिम्मेदार सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मध्यप्रदेश कुप्रशासन का केंद्र
प्रदेश महासचिव जितेंद्र सिंह इवने और आमला-सारनी विधानसभा उपाध्याय बंटी कारोसिया ने कहा कि मध्यप्रदेश आज कुप्रशासन का केंद्र बन चुका है। कहीं खांसी की सिरप से मौतें हो रही हैं, कहीं सरकारी अस्पताल में बच्चों की जान जा रही है और अब सीवर मिला पानी पीने से नागरिकों की मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि जब-जब गरीब मरते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा की तरह खामोश रहते हैं।
भाजपा सरकार के मंत्री को ज़रा भी शर्म नहीं
विधानसभा अध्यक्ष बैतूल और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र से जुड़े युवा कांग्रेस नेता प्रीतेश गंगारे और धर्मेंद्र भलावी ने कहा कि इंदौर में 15 लोगों की जान चली गई, लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री को ज़रा भी शर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि फोकट-घंटा जैसे शब्द बोलकर जिम्मेदारी से नहीं बचा जा सकता और कैलाश विजयवर्गीय को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे की मांग
युवा कांग्रेस बैतूल ने मांग की कि दूषित पानी से मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि वे बिना डर के सच सामने ला सकें।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव जितेंद्र सिंह इवने, प्रदेश सचिव दिगंबर पारधी, विधानसभा अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे, राजकुमार चौबे, मनोज आहूजा, मोनू बड़ोनिया सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)