आमला। ग्राम पंचायत आवरिया अंतर्गत आने वाले ग्राम धौसरा और खिड़की खुर्द के बीच करीब 1 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवक चंद्रशेखर पंडोले ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम आमला, कलेक्टर बैतूल, विधायक आमला-सारणी, जनपद पंचायत आमला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत आवरिया के अंतर्गत ग्राम धौसरा, खिड़की खुर्द और आवरिया आते हैं। पंचायत मुख्यालय और शासकीय उचित मूल्य की दुकान ग्राम आवरिया में स्थित है। लेकिन धौसरा से खिड़की खुर्द तक करीब 1 किलोमीटर सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पंचायत मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लगभग 7 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे आने-जाने में कुल करीब 14 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
सड़क नहीं होने से क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों, किसानों और ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धौसरा से खिड़की खुर्द के बीच सड़क नहीं बनने के कारण सीएम राइज स्कूल की बस भी दोनों गांवों तक नहीं पहुंच पा रही, जिससे विद्यार्थियों को भी दिक्कत हो रही है।
समाजसेवक चंद्रशेखर पंडोले ने प्रशासन से मांग की है कि धौसरा से खिड़की खुर्द तक 1 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

Continue With Google
Comments (0)