आमला तहसील अंतर्गत ग्राम डोडावाणी में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व विभाग द्वारा मौजा डोडावाणी के खसरा नंबर 180, 181, 184 एवं 346 की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वाले 15 कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया है।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत अवैध कब्जाधारियों पर कुल 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही वसूल किया गया। इसके साथ ही अतिक्रमण की गई भूमि पर बोई गई फसलों की नीलामी कर 30 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि भी वसूली गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वसूल की गई संपूर्ण राशि शासन के खाते में जमा करा दी गई है।

इन अतिक्रमणकर्ताओं पर हुई कार्रवाई

राजस्व विभाग की इस कार्रवाई में विष्णु पिता ढोधू, डोमा पिता साबू, राजकुमार पिता रामकिशन, रामनाथ पिता पिरम, दिनेश पिता रामू, मुन्ना पिता रामू, भीकम पिता अम्मीलाल, जग्गू पिता रामदीन, परमू पिता इंदल, दीनू पिता मचन, लालवती पति ढूंढू, शिवराज पिता कमफू, रामदीन पिता कमफू और माखन पिता इंदल सहित अन्य कब्जाधारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

शेष वसूली की कार्रवाई जारी

आमला एसडीएम श्री शैलेन्द्र बडोनिया ने बताया कि शेष अतिक्रमणकर्ताओं से बाकी बची जुर्माना राशि की वसूली की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पहले भी हुई है कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि राजस्व विभाग द्वारा लगातार शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी ग्राम रम्भाखेड़ी सहित अन्य गांवों में एसडीएम शैलेन्द्र बडोनिया के निर्देशन में शासकीय भूमि को कब्जाधारियों से मुक्त कराया जा चुका है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में यह संदेश गया है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब सख्ती से कदम उठाए जा रहे हैं।