आमला। रमज़ान की रुख्सती के साथ 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व नगर में पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। रतेड़ा रोड स्थित ईदगाह में सुबह बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए, जहां इमाम हाफिज एहसान ने ईद की नमाज़ अदा कराई।

ईदगाह में नमाज़ के दौरान खासा उत्साह देखने को मिला। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए परिधानों में ईद की खुशियां मनाने पहुंचे। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।

*सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम*

ईद के मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ईदगाह स्थल पर थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया सहित पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्था पर नजर रखी गई।

*जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं*

ईद के अवसर पर व्यापारी संघ अध्यक्ष संजय साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज मालवे, मनोज देशमुख, सुभाष देशमुख, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, नीरज कटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों ने मुस्लिम समाज को ईद की बधाई दी और खुशहाली की कामना की।

*विधायक की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय*

ईद जैसे प्रमुख पर्व पर क्षेत्रीय विधायक की अनुपस्थिति को लेकर नगर में चर्चा का माहौल रहा। मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने इस पर नाराजगी जताई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के बावजूद इस अवसर पर अनुपस्थिति खली। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

*ईद ने दिया भाईचारे और एकता का संदेश*

ईद-उल-फितर का पर्व न केवल खुशियों का प्रतीक है, बल्कि यह आपसी प्रेम, त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी देता है। पूरे आयोजन में यही भावना प्रमुख रूप से देखने को मिली, जहां हर वर्ग के लोग एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते नजर आए।