नरवाई की आग से खेत में लगी भीषण आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू

मुलताई क्षेत्र के ग्राम मोरखा में आज दोपहर लगभग 4:15 बजे नरवाई (फसल अवशेष) से फैली आग ने देवीसिंह रघुवंशी के खेत को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलते हुए गन्नाबाड़ी, पशु चारा एवं आसपास खड़े पेड़ों तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। टीम की मुस्तैदी के चलते खेत के पास खड़ी गेहूं की फसल को आग की चपेट में आने से पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
फायर टीम के ड्राइवर मनोज सिंह एवं गिरीश पिपले की सक्रिय भूमिका से समय रहते आग पर काबू पाया जा सका। घटना में गन्नाबाड़ी, पशु चारा और कुछ पेड़ों को नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नरवाई जलाने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।