तहसील गढ़ाकोटा द्वारा तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण शिविर का समापन।

 

गढाकोटा। आगामी जनगणना 2027 की तैयारी के मद्देनजर शासकीय पी०जी० कॉलेज गढ़ाकोटा में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 10 से 12 अप्रैल तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मकान सूचीकरण और हेलो एप के तकनीकी उपयोग का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान फील्ड ट्रेनर मनीष वर्मा, यशपाल पटेल और हरगोविंद साहू ने 50 प्रतिभागियों के बैच को डिजिटल माध्यम से डाटा दर्ज करने की बारीकियां समझायीं। इस दौरान जनगणना प्रभारी लिपिक श्री संजीव कुमार सेन और तकनीकी सहायक प्रियंका कपूर ने तकनीकी पहलुओं और प्रशासनिक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से बताया गया कि कैसे मोबाइल ऐप के जरिए मकान की नंबरिंग और सूचीकरण का कार्य सटीकता से के साथ पूरा करना है। 

 

*अधिकारियों ने किया निरीक्षण*

प्रशिक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सत्र का जायजा लिया। एसडीएम कुलदीप पाराशर, तहसीलदार महेश दुबे और नायब तहसीलदार सुशील खरे ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताया। 

वहीं दूसरी ओर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० घनश्याम भारती ने सभी प्रशिक्षणार्थियों की समुचित व्यवस्थापन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। रहली एसडीएम कुलदीप पाराशर ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की रूपरेखा तय करने वाला महत्वपूर्ण कार्य है इसलिए डाटा संकलन में पूरी सावधानी और शुद्धता बरती जाना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ०भारती ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाने के लिए प्रेरित किया।