आमला। परियोजना आमला के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र खेड़लीबाजार में मंगलवार, 24 मार्च को 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सरपंच अतूल पारखे एवं जनपद सदस्य राजेश पहाडे ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक गजानंद पाठेकर, सुपरवाइजर ममता पाटील, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अर्चना पण्डाग्रे, प्रमिला पण्डोले, पूजा बामने तथा सहायिका भी उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, जिससे कार्यक्रम और भी यादगार बन गया।