आमला। ब्लॉक क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। निर्माण कार्य के दौरान विद्युत पोलों और बिजली लाइनों की समय पर शिफ्टिंग नहीं होने से राहगीरों, वाहन चालकों और किसानों के सामने लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई स्थानों पर सड़क निर्माण के बीच ही बिजली के पोल खड़े हैं और तार ढीले होकर नीचे झूल रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विभागीय अनदेखी के चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इस लापरवाही का गंभीर परिणाम शुक्रवार को महोली गांव में देखने को मिला, जहां ढीले पड़े बिजली तार से निकली चिंगारी ने खेत में आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और एक किसान की गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि सड़क निर्माण के साथ ही विद्युत पोल और लाइनों को सुरक्षित तरीके से शिफ्ट कर दिया जाता, तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। अब इस घटना के बाद लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए तथा क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े स्थानों पर खतरनाक स्थिति में खड़े बिजली पोल और ढीले तारों को जल्द से जल्द हटाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में इससे और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

Continue With Google
Comments (0)