*मनगवां-गंगेव में गैस सिलेंडर को लेकर संकट, सुबह भोर से एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें*

 

रीवा। जिले के मनगवां और गंगेव क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर इन दिनों संकट की स्थिति देखी जा रही है। गैस सिलेंडर बदलवाने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ सुबह भोर से ही गैस एजेंसियों के बाहर लग रही है। कई उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ गैस एजेंसी संचालकों द्वारा मनमानी की जा रही है और अधिक दाम लेकर गैस सिलेंडर देने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। गैस सिलेंडर रिफिल के लिए परेशान उपभोक्ताओं ने मौजूदा व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
हालांकि मनगवां स्थित इंडेन गैस एजेंसी में व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है। यहां उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा भी दी जा रही है और नियमों के तहत सिलेंडर वितरण किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर गंगेव स्थित एचपी गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यहां प्रशासन और सरकार की गाइडलाइन की अनदेखी की जा रही है तथा अधिक दाम लेकर गैस सिलेंडर देने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं के मुताबिक संचालक की मनमानी के चलते उन्हें सुबह से देर शाम तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है।
*एचपी गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था बंद*
उपभोक्ताओं का कहना है कि गंगेव स्थित एचपी गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके कारण उपभोक्ताओं को स्वयं एजेंसी पहुंचकर गैस सिलेंडर लेना पड़ रहा है। इससे एजेंसी के बाहर रोजाना लंबी लाइनें लग रही हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
*वही एसडीएम मनगवां संजय जैन ने बताया कि*….. कलेक्टर के निर्देश पर निगरानी समिति गठित की गई है, जिसकी मॉनिटरिंग मनगवां और रायपुर कर्चुलियान अनुभाग में की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई कम मिलने के कारण संकट की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।