जंगल में पेड़ से लटका मिला लापता मजदूर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गुना: जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम दुनाई से रविवार दोपहर से लापता 55 वर्षीय हरिराम कुशवाह का शव सोमवार को जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका पाया गया। मृतक मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वहीं, परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है।
24 घंटे तक चली तलाशी
परिजनों के अनुसार, हरिराम कुशवाह रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें कुछ लोगों ने बुलाया है। जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और ग्रामीणों के साथ खुद भी तलाश शुरू कर दी। मृतक के बेटे का आरोप है कि उन्होंने म्याना और कैंट थाने से मदद मांगी, लेकिन उन्हें उचित सहयोग नहीं मिला। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे भदौरा के पास केदारनाथ रोड स्थित चीरा घाट के जंगल में हरिराम का शव एक पेड़ पर तौलिया के फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने उठाए सवाल
मृतक के परिवार ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिन लोगों का नाम लेकर हरिराम घर से निकले थे, उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। घटना की सूचना मिलने पर म्याना थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गुना भेज दिया। मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Continue With Google
Comments (0)