बैतूल, 03 अप्रैल 2026। मुलताई थाना क्षेत्र में एक गंभीर प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाज के बहाने युवती से कथित छेड़छाड़ करने वाले आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को उसके निजी क्लिनिक से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना मुलताई पुलिस द्वारा की गई।

उपचार के लिए क्लिनिक पहुंची थी युवती

पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को एक आदिवासी युवती ने थाना मुलताई में शिकायत दर्ज कराई कि वह उपचार हेतु प्रभात पट्टन स्थित एक निजी क्लिनिक में गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि क्लिनिक में जांच के दौरान आरोपी डॉक्टर ने दरवाजा बंद कर अनुचित व्यवहार एवं छेड़छाड़ की।

पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 218/26 पंजीबद्ध किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं 74, 75(2), 76, 63, 64 तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घेराबंदी कर क्लिनिक से आरोपी को पकड़ा

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी डॉ. अश्विन मालवीय (उम्र 46 वर्ष, निवासी प्रभात पट्टन) को उसके क्लिनिक से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

महिला संबंधी अपराधों पर सख्त रुख

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार सहित थाना मुलताई पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।