बैतूल: शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति को सुनिश्चित करने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर ने बुधवार को गंज क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकेदारों में हड़कंप मचा रहा। नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गति में किसी भी प्रकार की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्य स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।

गंज मंडी निर्माण कार्य पर विशेष जोर

नपा अध्यक्ष ने सर्वप्रथम गंज मंडी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां आधार तल की दुकानों का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। ठेकेदार ने बताया कि टाइल्स और रोलिंग शटर के ऑर्डर दे दिए गए हैं, जो 10 से 15 दिनों में प्राप्त होकर लगाए जाएंगे, जिससे दुकानदारों को जल्द ही दुकानें आवंटित की जा सकेंगी।

स्वीकृत ड्राइंग अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि शेष लेआउट का कार्य स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार शीघ्र प्रारम्भ कर समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। वर्तमान में गंज मंडी के ग्राउंड फ्लोर की दुकानों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

सीसी रोड का निरीक्षण

गंज क्षेत्र में ही कल्पना स्टोर्स के सामने बन रही सीसी रोड का भी निरीक्षण किया गया। यहां एक साइड का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिस पर यातायात प्रारंभ कर दिया गया है। दूसरी ओर की सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। नपा अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कोठी बाजार की नाली निर्माण पर भी नजर

कोठी बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण करते हुए नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नाली निर्माण कार्य शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण में अधिकारी रहे मौजूद

  • निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के उपयंत्री नागेंद्र वागद्रे,
  • राजस्व शाखा से अखिल राय और
  • संबंधित ठेकेदारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि नगर के विकास कार्य तय समय में पूरे हो सकें।