मुंबई। पत्रकार सुरक्षा एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध अखिल भारतीय संगठन प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स का चौथा राष्ट्रीय अधिवेशन मुंबई में आगामी 12सितंबर 2026 को होगा जिसमें देश भर के हजारों पत्रकारों के सम्मिलित होने की संभावना है।

 

संगठन की राष्ट्रीय संगठन महासचिव तथा अधिवेशन आयोजिका श्रीमती शशि दीप मुंबई ने एक पत्रकार वार्ता में बताया कि संगठन की स्थापना के आठवें वर्ष में इस वर्ष चौथा राष्ट्रीय अधिवेशन 12सितंबर 2026 को अटल स्मृति उद्यान बोरीवली वेस्ट मुंबई में आयोजित किया जाएगा जिसकी अध्यक्षता संगठन के संस्थापक अध्यक्ष भोपाल निवासी डॉ सैयद खालिद कैस करेंगे। पत्रकारों के इस महाकुंभ में संगठन के 24 राज्यों से आमंत्रित प्रतिनिधियों सहित देश भर के क्रांतिकारी पत्रकारों की शिरकत होगी। संगठन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को भी विशेष सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

 

श्रीमती शशि दीप मुंबई द्वारा दी गई जानकारी अनुसार संगठन इस वर्ष होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में हर वर्ष की भांति संगठन द्वारा दिए जाने वाले विशेष सम्मान जिसमें मणिकर्णिका अवॉर्ड, राष्ट्र माणिक सम्मान, समाज भूषण सम्मान, प्राइड ऑफ इंडिया,भारत भूषण सम्मान सहित इंदिरा प्रियदर्शिनी अवॉर्ड तथा भागवत प्रसाद स्मृति सम्मान के लिए चयनित महानिभूतियों को सम्मान दिए जाएंगे।

इस अवसर पर संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का भी आयोजन होगा।जिसमें निष्पक्ष पत्रकारिता के संरक्षण संवर्धन और उत्थान पर विचार मंथन किया जाएगा। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को संवैधानिक दर्जा दिलाने हेतु प्रयासों की समीक्षा होगी।राष्ट्रीय संगठन महासचिव तथा अधिवेशन आयोजिका श्रीमती शशि दीप मुंबई द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जायेगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन होगा।