अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पी०एस० त्रिपाठी का विदाई समारोह सम्पन्न

रीवा जिले की त्योंथर तहसील में पदस्थ रहे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पी०एस० त्रिपाठी का स्थानांतरण सिंगरौली में अपर कलेक्टर के रूप में होने पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर तहसीलदार राजेन्द्र शुक्ल एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री त्रिपाठी के शॉल एवं माल्यार्पण से सम्मान के साथ हुई। अपने उद्बोधन में उन्होंने त्योंथर में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, समन्वय और टीम भावना की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि त्योंथर में किया गया कार्यकाल उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

अपने कार्यकाल के दौरान श्री त्रिपाठी का सबसे महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय कार्य 86 एकड़ भूमि को मध्यप्रदेश शासन के नाम दर्ज कराना रहा, जो त्योंथर क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

कार्यक्रम में मंच पर तहसीलदार राजेन्द्र शुक्ल, अधिवक्ता संघ त्योंथर के अध्यक्ष राजबहादुर सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष ब्रह्मा नारायण शर्मा, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र द्विवेदी, पटवारी संघ अध्यक्ष नागेन्द्र साहू सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन अधिवक्ता कृष्ण जी तिवारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर तहसील एवं पटवारी संघ के सभी कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने श्री त्रिपाठी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।