प्रभात पट्टन जनपद में पंखा झोपड़ी का हैंडपंप उगल रहा कीड़ों वाला गंदा पानी, दो गांव के लोग परेशान

ग्रामीणों नें कहा दो दिनों में नहीं सुधरी व्यवस्था तो करेंगे हाइवे जाम 

मुलताई ।प्रभात पट्टन जनपद क्षेत्र के खम्बारा मल्हारा के पंखा झोपड़ी स्थित हैंडपंप से इन दिनों कीड़ों युक्त गंदा पानी निकलने की शिकायत सामने आई है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि चिचंड़ा और निमोटी गांव के नागरिक इसी हैंडपंप पर निर्भर हैं और पानी की खराब गुणवत्ता के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।हेंडपम्प के पानी में कीड़े और गंदगी होने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कमल नागले ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल मिल सके।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पीएचई विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, अगर दो दिनों में व्यवस्था नहीं सुधरी तो हाइवे जाम करेंगे।