आमला। कोटवारों के अधिकार, सम्मान और लंबित मांगों को लेकर जिलेभर के कोटवार एक बार फिर एक मंच पर एकत्र होने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश आज़ाद कोटवार कर्मचारी संघ, जिला बैतूल के तत्वावधान में 11 जून 2026 को प्रभात पट्टन में "आवाज़ कोटवार की" जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जिले के सभी कोटवार साथियों से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में कोटवारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं, जिनके समाधान और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत दिशा देने के लिए यह बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कोटवार हितों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आगामी आंदोलन एवं संगठनात्मक रणनीति तैयार की जाएगी।
संघ ने विशेष रूप से उन साथियों से भी बैठक में शामिल होने की अपील की है जो सोशल मीडिया ग्रुप या फोन पर अपनी राय और सुझाव तो देते हैं, लेकिन बैठकों में उपस्थित नहीं हो पाते। पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन की मजबूती केवल चर्चा से नहीं, बल्कि सक्रिय सहभागिता से बढ़ती है। इसलिए सभी साथी बैठक में पहुंचकर अपने विचार रखें और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दें।
संघ का मानना है कि "मध्यप्रदेश का कोटवार समाज एक परिवार है" और परिवार की मजबूती सभी सदस्यों की एकजुटता से ही संभव है। चाहे कोई पदाधिकारी हो या सामान्य कोटवार, सभी की जिम्मेदारी है कि वे अपने अधिकारों की इस लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाएं।
संघ ने जिलेभर के जागरूक कोटवार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रभात पट्टन पहुंचकर बैठक को सफल बनाने तथा अपने सुझाव एवं मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा देने की अपील की है।
*कोटवारों की आवाज बुलंद करने प्रभात पट्टन में जुटेंगे जिलेभर के साथी, 11 जून को होगी महत्वपूर्ण बैठक*
*आवाज़ कोटवार की" बैठक में गूंजेंगे अधिकारों के मुद्दे, जिलेभर के साथियों को आमंत्रण*

Continue With Google
Comments (0)