जबलपुर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट गहराया, वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
बरगी नगर। जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही जल समस्या को लेकर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन भोपाल (म.प्र.) ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष किशोर सिंह यादव द्वारा एल एंड टी विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर कार्तिकेय एन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बरगीनगर, मनखेड़ी, बीझा, गगंदा, मगरधा, सहजपुरी, चोराई और पारा सहित कई ग्रामीण इलाकों में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर हैंडपंप और नल-जल योजनाएं बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त की जाए और खराब पड़ी योजनाओं की मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान शेख मुस्तफा, विजय ठाकुर, विनोद सोनवाने, शुभम अवधिया सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट मैनेजर कार्तिकेय एन का कहना है कि प्रोजेक्ट में पाइपलाइन और पानी की टेस्टिंग का कार्य जारी है। वर्तमान में पाइपलाइन के माध्यम से जो पानी सप्लाई किया जा रहा है, वह पीने योग्य नहीं है। उसका उपयोग केवल दैनिक जरूरतों और निस्तार कार्यों के लिए किया जा सकता है।

Continue With Google
Comments (0)